पीलीभीत। 200 गज प्लॉट बेचने के नाम पर आरोपियों ने पीड़िता के 9.65 लाख रुपये हड़प लिए गए। बैनामा करने के नाम पर रजिस्ट्री कार्यालय बुलाकर घंटों बैठाने के बाद वापस कर दिया। रुपये वापस मांगे तो आरोपी धमकी देने लगे। पीड़िता ने एसपी को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी निवासी फरहत ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह लंबे समय से बीमार रहती है। वर्ष 2023 में उससे व उसके पति से मोहल्ला डालचंद निवासी तीन लोगों ने खुदागंज मोहल्ले के एक व्यक्ति के साथ मिलकर पिंक सिटी कॉलोनी के निकट ले आउट पास कॉलोनी बताकर एक प्लाॅट दिखाकर बेचने की बात कही।
200 गज प्लॉट का सौदा 10 लाख रुपये में तय हो गया। इसके बाद पीड़िता ने 9.50 लाख रुपये उक्त लोगों को चेक के जरिये व 15 हजार रुपये नकद दिए। तय तिथि पर वह अपने पति के साथ बैनामा कराने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची। आरोप है कि वहां आरोपियों ने बैनामे के कागजों पर हस्ताक्षर कराने के साथ फोटो लगवाए।
शाम पांच बजे तक बैठाने के बाद बहाना कर घर भेज दिया। इसके बाद आरोपियों ने प्लॉट का बैनामा नहीं कराया। जब उसने व पति ने रुपये वापस मांगे को आरोपी धमकी देने लगे। आरोप है कि पूरे मामले में आरोपियों के साथ कातिब ने भी षडयंत्र किया है। एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।