पूरनपुर। बारिश में शारदा नदी के खराब हुए रास्ते पर बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। बसें मात्र 18 किलोमीटर आगे तक ही जा पा रही हैं। शनिवार को नदी के रास्ते में फंसी बसों को रविवार को जेसीबी से खिंचवाकर बमुश्किल निकाला जा सका। रास्ता शीघ्र ठीक न होने पर बस संचालकों ने 19 फरवरी से बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दो दिन पहले हुई बारिश से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने और रास्ते में जगह-जगह कीचड़ होने से दो बसें नदी रास्तेे में फंस गईं। रविवार को जेेसीबी मशीन से फंसी बसों का बमुश्किल निकाला जा सका। रास्ता खराब होने से शनिवार से बसों का संचालन नदी के रास्ते पर बंद कर दिया गया था। बसें मात्र 18 किलोमीटर की दूरी तक जाकर वापस लौट रही है। बसों का संचालन धनाराघाट तक न होने से लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। बस यूनियन के अध्यक्ष लियाकत उर्फ भूरे ने बताया कि शीघ्र रास्ता सही न होने पर बसों का संचालन 19 फरवरी से पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। समाधान दिवस में बस संचालक पहुंचकर धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री विजयपाल विक्की ने खराब रास्ते को लेकर एसडीएम से शिकायत की। उन्होंने बताया कि बसों का संचालन न होने से माघ माह में नदी में स्नान करने को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भारी असुविधा हो रही है। शीघ्र ही रास्ता ठीक नहीं हुआ तब व्यापार मंडल लोनिवि के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगा।