पीलीभीत। बीसलपुर रोड पर जंगरौली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को मामूली चोट आई। राहगीरों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। अचानक टायर पंक्चर होने पर ट्रक अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
शाहजहांपुर डिपो की एक बस बृहस्पतिवार दोपहर सवारी लेकर पीलीभीत आ रही थी। इधर, पीलीभीत की तरफ से मैली लदा ट्रक बीसलपुर की ओर जा रहा था। बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर जंगरौली गांव के पास पहुंचते ही ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही रोडवेज बस से भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद बस सड़क किनारे झाड़ियों में चली गई। हादसे में बस चालक पसगवां लखीमपुर खीरी निवासी 30 वर्षीय विपिन मिश्रा, परिचालक कस्बा शाहजहांपुर निवासी 40 वर्षीय अनिल कुमार गुप्ता, यात्री कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खकरा निवासी 45 वर्षीय दीपक मिश्रा, मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी 28 वर्षीय राकेश कुमार और 40 वर्षीय ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक के बेहोश होने के कारण उसके नाम पते की जानकारी नहीं हो सकी। कुछ सवारियों को मामूली चोटें भी आई। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्से को देख हर कोई हादसे की भीषणता का अंदाजा लगाता रहा। ट्रक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।