जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर रिजर्व और इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच गुरुवार को देशी-विदेशी पर्यटकों के घूमने के लिए खोल दिया गया। वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक अरविंद गुप्ता व डीएम डॉ. अखिलेश मिश्रा ने बनकटी रोड स्थित टाइगर रिजर्व के मुख्य द्वार (सिग्नेचर गेट) पर संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सैलानियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
महोफ रेंज स्थित पिकनिक स्पॉट चूका बीच बरसात के मौसम में हर साल पांच माह के लिए बंद कर दिया जाता है। इधर गुरुवार को इसे सैलानियों के लिए खोल दिया गया। शुभारंभ के मौके पर टाइगर रिजर्व मुख्यालय पर कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि टाइगर रिजर्व बनने के बाद इस ईको टूरिज्म स्पॉट का महत्व और भी बढ़ गया है। वनों से आच्छादित यह प्राकृतिक धरोहर आने वाले समय में देश में ही नहीं वरन विदेश में भी जिले का नाम रोशन करेगी। कहा कि पर्यटकों की सुविधाओं के लिए यहां गाइडों की व्यवस्था की गई है। गाइड आने वाले सैलानियों को भले ही टाइगर न दिखा सकें, लेकिन उनसे बेहतर व्यवहार अवश्य करें। सैलानियों को बेहतर सुविधाएं देना वनकर्मियों का कर्तव्य है। कहा कि चूका बीच को खूबसूरत और स्वच्छ रखना सरकारी मशीनरी के साथ पर्यटकों की भी जिम्मेदारी है। यदि यहां सुविधाओं में कुछ कमी है, तो उसको भी जल्द पूरा कराया जाएगा। डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार ने कहा कि टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या काफी बढ़ी है। संसाधनों की कमी के बावजूद वनकर्मी पूरे टाइगर रिजर्व क्षेत्र में मुस्तैदी से चौकसी बरतें। इस मौके पर एफडी एच राजा मोहन, पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह, डीडी आदर्श कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना द्विवेदी, सामाजिक वानिकी निदेश संजीव सिंह, एसडीओ प्रवीण खरे, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी नरेश कुमार, परवेज हनीफ, टीएच खां समेत कई अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लखनऊ के राजकुमार बने पहले पर्यटक
नए पर्यटन सत्र में चूका बीच पहुंचने का पहला मौका लखनऊ से सपरिवार पहुंचे राजकुमार को मिला। इसके अलावा दूसरे पर्यटक के रूप में बरेली के राजीव मिश्रा चूका बीच पहुंचे। वहीं चेन्नई से सूर्य राम चंद्रन और संभल के सहमगुल सिंह ने भी चूका बीच समेत जंगल भ्रमण कर आनंद उठाया।
पहले दिन 18 पर्यटकों ने देखा चूका, घूमे जंगल
नए सत्र के पहले दिन 18 पर्यटकों ने चूका बीच पहुंचकर वहां की खूबसूरती का आनंद लिया। खास बात यह रही की पहले दिन प्रदेश के अलावा चेन्नई व मुंबई से भी पर्यटक यहां पहुंचे। भ्रमण के दौरान बाहरसिंघा, नीलगाय समेत अन्य वन्यजीव देखे।
मुस्ताफाबाद गेस्ट हाउस पर लौटी रौनक
नए पर्यटन सत्र के पहले दिन गुरुवार को जंगल और चूका बीच पहुंचने के लिए पर्यटक काफी उत्साहित रहे। सुबह से ही मुस्ताफाबाद स्थित इंट्री प्वाइंट पर पर्यटकों की हलचल शुरू हो गई। वहीं जंगल सफारी के गाइड व चालकों की भीड़ भी मौजूद रही।
पांच वाहनों को मिला जंगल सफारी का मौका
नए सत्र के पहले दिन मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। पहले दिन खासकर लखनऊ समेत अन्य राज्यों से आए पर्यटकों की यहां आमद रही। पहले दिन पांच फेरे जंगल सफारी के लगे।
विभाग की ओर से नि:शुल्क घूमे स्कूली बच्चे
पर्यटन सत्र के शुभारंभ अवसर पर टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने सरकारी स्कूल के बच्चों को चूका बीच घूमाने का निर्णय लिया। महोफ रेंज के जूनियर हाईस्कूल की सात छात्राएं और प्राइमरी स्कूल के सात छात्र टाइगर रिजर्व मुख्यालय पहुंचे। यहां स्कूली बच्चों को टाटा जीनान वाहन से चूका बीच का भ्रमण कराकर वापस लाया गया। इसके अलावा नवदिया स्थित केडी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी चूका बीच का भ्रमण कर आनंद उठाया।
मुख्य वन संरक्षक अमले के साथ घूमे चूका बीच
वन संरक्षक अरविंद गुप्ता, एफडी एच राजा मोहन और डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार के साथ चूका बीच पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश देने के बाद लौट गए। जबकि डीएम व एसपी व्यस्तता के चलते चूका बीच तक नहीं जा सके। दोनों अधिकारियों ने फिरे कभी चूका बीच भ्रमण की बात कही।