21पीबीटीपी-2
केंद्रीय मंत्री ने बांटी हेल्थ किट, पूरनपुर में की सभाएं
मलेशिया से आयीं 500 हेल्थ किटें
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में मलेशिया से भेजी गई हेल्थ किटों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं आठ अस्वस्थ गर्भवती महिलाओं को उनके होने वाले बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए हेल्थ किट बांटी।
मेनका गांधी ने बताया कि वह कुछ माह पहले विदेशी दौरे पर मलेशिया में थीं इस दौरान एक भारतीय मूल के व्यक्ति हरचरन सिंह मिलने आये और कहा कि वह आपके और हिंदुस्तान के लिए वह कुछ करना चाहते हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा अगर कुछ सेवा करनी ही है तो गरीब अस्वस्थ गर्भवती महिलाओं और उनके होने वाले कमजोर बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कुछ करिए, इस पर सबको खुशी होगी। इसके बाद हरिचरन ने उनके आग्रह को स्वीकार कर पांच सौ हेल्थ किट उपहार स्वरूप भेजीं। किटों का मुख्य उद्देश्य बच्चों की पैदाइश के बाद उनकी जरूरतों को पूरा करना है। किट में मेडिकेटेड साबुन, सॉफ्ट तौलिए, सॉफ्ट गरम कंबल, टोपी आदि सहित करीब 10 चीजे हैं। केंद्रीय मंत्री ने सभी 500 हेल्थ किट सीएमएस डॉ अनीता चौरसिया के सुपुर्द करते हुए कहा कि इसका लाभ गरीब और कमजोर गर्भवती महिलाओं के होने वाले अस्वस्थ बच्चों को ही मिलना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व: अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते उनके नाम का पौधा भी लगाया। इस मौके पर महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ चौरसिया के अलावा सीएमएस डॉ आरपीएस सुमन, विवेक सिंह चौहान, प्रवक्ता एमआर मलिक, देवेंद्र सिंह टोनी आदि मौजूद रहे।
पूरनपुर में सभाएं कर दी योजनाओं की जानकारी
पूरनपुर में मेनका गांधी ने मंगलवार को दूसरे दिन भी क्षेत्र के कई गांव में सभाएं कर भाजपा सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के एजेंडे के साथ कार्य कर रही है। आवास, शौचालय, पेंशन, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन आदि योजनाएं ग्रामीणों के लिए चलाई जा रही है। योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाने और इनका लाभ दिलवाने में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। मेनका गांधी ने गांव प्रसादपुर, रंपुरा फकीरे, नवदिया धनेश, देवीपुर, दोदपुर, सुंदरपुर, नरायनपुर, धरमंगदपुर, रघुनाथपुर आदि गांव में सभाएं की। उनके साथ विधायक बाबूराम पासवान, नगर पालिका चेयरमैन प्रदीप जायसवाल लल्लन, रवि जायसवाल आदि थे।