हादसे मेें बच्ची की मौत, भीड़ ने हाईवे पर लगाया जाम
मौके पर पहुंचे अफसरों से तीखी नोकझोंक, लगी वाहनों की कतार
घायलों को कराया गया जिला अस्पताल में भर्ती, आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक हिरासत में
04 पीबीटीपी 30,31
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर औरैया गांव के पास शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सात वर्षीय बच्ची दीक्षा की मौत हो गई। जबकि उसकी दो बहन और माता पिता घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया, इस बीच उनसे भीड़ की तीखी नोकझोंक हुई। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भर्ती कराया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक पुलिस की हिरासत में है। शांति बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया लिया गया है।
थाना न्यूरिया के अलीगंज निवासी अजय कुमार शुक्रवार शाम को अपनी रिश्तेदारी में कस्बा न्यूरिया आए थे। उनके साथ पत्नी मीरा देवी, सात वर्षीय बेटी दीक्षा, पिंकी और मान्यता भी थी। रात करीब सवा आठ बजे एक ही बाइक पर सवार होकर सभी वापस घर के लिए निकले। टनकपुर हाईवे पर औरैया गांव के पास लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दीक्षा की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। इसके अलावा ट्रैक्टर चालक जीवनलाल निवासी पीराताल को हिरासत में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलते ही काफी ग्रामीण जमा हो गए और शव रखकर हाईवे जाम लगा दिया। कुछ राहगीरों ने निकलने का प्रयास किया तो उनको भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। मौके पर एसडीएम पूर्णिमा सिंह, सीओ सिटी धर्म सिंह, सीओ सदर प्रवीण मालिक, एसएचओ न्यूरिया चेतराम वर्मा, अमरिया एसएचओ दुर्गा सिंह, एसएसआई सुनगढ़ी सुधीर कुमार सिंह, मझोला चौकी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। भीड़ को शांत कराने के दौरान अफसरों से कई बार नोकझोंक हुई। ग्रामीण पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। अफसर बातचीत कर भीड़ को मनाने में जुटे हैं। इसके अलावा इसी हादसे में एक साइकिल सवार अमरिया के दीनारपुर निवासी 24 वर्षीय धर्मेंद्र को भी चोटें आई है। उसको भी जिला अस्पताल भर्ती कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक डनलप को भी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मारी है। जाम को लेकर हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पुलिस की हिरासत में है। परिजनों से कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है।
----------