किसानों की समस्याओं पर भाकियू ने दिया धरना
राष्ट्रीय आह्वान पर हुए कार्यक्रम के बाद सौंपा ज्ञापन
27 पीबीटीपी 14
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने कलक्ट्रेट स्थित कृषि भवन में धरना दिया। एनजीटी नियमों के तहत किसानों के दस वर्ष पुराने ट्रैक्टरों को चलन खत्म करने पर विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भाकियू के राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। कृषि भवन परिसर में धरना देकर किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष ने कहा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने 10 साल पुराने वाहनों जिसमें ट्रैक्टर भी शामिल हैं को चलन से बाहर करने के आदेश जारी किए हैं जो किसान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि किसान बड़ी मुश्किल से एक बार ट्रैक्टर खरीद पाता है। ऐसे में किसान हर 10 साल में ट्रैक्टर बदलने को धन कहां से लाएगा। उपाध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि जिले में नकली कीटनाशक व खाद की बिक्री हो रही है लेकिन संबंधित अधिकारी कार्रवाई तो दूर नमूने तक नहीं ले रहे हैं। इस दौरान गन्ना भुगतान समय से न मिलने पर भी रोष व्यक्त किया। इसके अलावा गेहूं खरीद को बिचौलियों से मुक्त कराने, दो अप्रैल से पहले सभी क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। किसानों ने नहरों में टेल तक पानी न पहुंचने, शराब की बिक्री अधिक दामों पर होने, प्रधानमंत्री व शौचालय निर्माण के नाम पर भारी हेराफेरी के भी आरोप लगाए। धरने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एसडीएम जेपी चौहान को सौंपा। धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने वालों में रामकुमार भोजवाल, भजनलाल क्रोधी, वेद प्रकाश शर्मा, प्यारेलाल र्मा, दिनेश कुमार, देवेंद्र सिंह, बालकराम, रमेश मिश्रा, कांतीदेवी आदि थे।