त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर में विराजमान आचार्य श्री विद्या भूषण सन्मति सागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री स्वर भूषण जी महाराज ने शरीर पूर्ण कर समाधि ले ली। इनके संस्कार की क्रिया रविवार की सुबह नौ बजे मंदिर में होगी।
क्षेत्र के बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर में आचार्य श्री विद्या भूषण सन्मति सागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री स्वर भूषण जी महाराज लंबे समय से विराजमान थे। शनिवार को शाम करीब पांच बजे उनका शरीर पूर्ण हो गया। शरीर पूर्ण कर समाधि लेने की सूचना से जैन श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही सैकड़ों श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर के अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन ने बताया कि मुनि श्री के संस्कार की क्रिया रविवार को सुबह नौ बजे मंदिर में होगी।