रिछा रोड पर दमखेड़ा गांव के पास मिला शव
रिछा धान मिल में मजदूरी करने निकले थे बुंदन
परेवा वैश्य/ पीलीभीत। रिछा रोड पर दमखेड़ा गांव के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर 35 वर्षीय बुंदन पुत्र शरीफुल्ला की मौत हो गई। मंगलवार सुबह पांच बजे शव की शिनाख्त होने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अमखेड़ा निवासी बुंदन रिछा की एक धान मिल में मजदूरी करते थे। रोज की तरह सोमवार शाम सात बजे बाइक से धान मिल जाने को निकले। इस बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह पांच बजे राहगीरों ने रिछा रोड पर दमखेड़ा गांव के पास शव पड़ा देख सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी, इसमें शव की शिनाख्त करने के बाद परिवार वालों को बुलाया। मौके पर पहुंचे परिवार वालों से मजदूर के घर से निकलने की जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद से पत्नी शाबीन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटी चार वर्षीय शगूफी और दो वर्षीय आलिया है।