खेकड़ा (बागपत)
नगर के छोटा बाजार निवासी दो लोगों के मकान में दरार आने से परिजनों में दहशत हो गई। उन्होंने अधिकारियों से दोनों मकानों के बीच में लंबे समय से पडे़ जर्जर मकान की ऊपरी मंजिल को उतरवाने की मांग की।
नगर के छोटा बाजार निवासी स्वर्गीय डॉ. रामरतन शर्मा, दामोदर शर्मा के मकानों में दरारें आई हैं। मकानों में दरार आने से दोनों परिवारों में दहशत उत्पन्न हो गई। दोनों परिवारों के लोगों ने बताया दोनों मकानों के बीच स्थित जर्जर हाल मकान का मालिक न तो उसको तुड़वाकर दोबारा मकान ही बनवा रहा है और न ही जर्जर मकान की मरम्मत ही कराता है। इनके मकानों की तरफ ही जर्जर मकान की दीवारों का दबाव बना है। इससे इनके मकानों में दरारें आ गई है। वह पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को जर्जर मकान से होने वाली समस्या से अवगत कराया, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। अब दरार आने से इनके मकान कभी भी गिर सकते हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सहित संबंधित उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या हल कराने की मांग की। उन्होंने कहा यदि कोई भी बड़ा हादसा घटित होता है तो जर्जर मकान मालिक एवं संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। पालिका के हैड क्लर्क नीरज शर्मा ने कहा अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई।