पीलीभीत। अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बरखेड़ा ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर 22 जुलाई को लगाया जाएगा। शिविर सुबह नौ बजे से दो बजे तक चलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाए जा रहे इस स्वास्थ्य शिविर में जिला अस्पताल के रोग विशेषज्ञों के अलावा अन्य चिकित्सक मरीजों का परीक्षण करेंगे। डाक्टरों की टीम में फिजीशियन डॉ. सीबी चौरसिया, नेत्र सर्जन डॉ. एसके चावला, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार मिश्र, महिला चिकित्सक डॉ. सविता, फार्मासिस्ट वीरेंद्र कुमार समेत अन्य डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा। शिविर में मरीजों का परीक्षण के अलावा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्राल यूरिक एसिड, मलेरिया, टाइफाइड आदि की नि:शुल्क जांच की जाएगी। शिविर में आने वाले मरीजों को अपनी पुरानी रिपोर्ट और एक्सरे आदि को साथ लाना होगा। मरीजों के परीक्षण के बाद नि:शुल्क दवाएं वितरित की जाएगी। इधर सीएमओ डॉ. ओपी सिंह व जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी शर्मा ने शिविर की तैयारियों की जानकारी लेते हुए शिविर में भाग लेने वाले चिकित्सकों को निर्धारित समय से पूर्व पहुंचने के निर्देश दिए हैं।