पीलीभीत। नगर पालिका परिषद ने शहर में करीब 1.89 करोड़ रुपये की लागत से नौ आरओ प्लांट स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
योजना के तहत, अधिकांश प्लांट मलिन बस्तियों में लगाए जाएंगे, जबकि कुछ सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। नगर पालिका के अनुसार, बाग गुलशेर खां, नई बस्ती, डालचंद, मोहम्मद फारुख, बेनी चौधरी, नखासा और देशनगर गौड़ी समेत विभिन्न मोहल्लों को प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक प्लांट की अनुमानित लागत लगभग 21 लाख रुपये है। परियोजना में आरओ मशीनों के साथ भवन निर्माण, पानी के टैंक, पाइपलाइन, बिजली कनेक्शन और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी शामिल हैं। ईओ संजीव कुमार ने बताया कि आरओ प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संवाद