26 पीबीटीपी 16, 17
चौथ के चांद से बरसेगी खुशियों की चांदनी
करवाचौथ की तैयारियों में जुटीं रहीं सुहागिनें, बाजार में रही रौनक
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। सुहागिनें अखंड सौभाग्य प्राप्ति के लिए शनिवार को करवाचौथ का व्रत रखेगी। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पर्व से एक दिन पूर्व बाजार में खासी रौनक रही, जो देर शाम तक देखी गई। वहीं घरों में भी सुहागिनें सजने संवरने की तैयारियों में जुटी रही।
पर्व को लेकर सुहागिनें शृंगार में कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं हैं। शुक्रवार को बाजार की रौनक यही बता रही थी। त्योहार की तैयारी को लेकर शहर के प्रमुख बाजार में देर शाम तक रौनक देखी गई। पति और अन्य परिवारीजनों के साथ सुहागिनों ने बाजार में पहुंचकर खरीदारी की। इसके चलते शहर के चूड़ी मार्केट सहित कॉस्मेटिक की दुकानों और ब्यूटी पार्लरों में दिनभर सुहागिनों का तांता लगा रहा। वहीं, सड़कों के किनारे लगी पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारों का तांता लगा रहा। बाजार में देर शाम तक खासी रौनक देखी गई। वहीं घरों में भी सुहागिनें सजने संवरने की जद्दोजहद में जुटी रहीं।
00
खास मौके के लिए ड्रेस भी होगी खास
सुहागिनों ने अपने सुहाग की खातिर सबसे अहम त्योहार के लिए खास ड्रेस पसंद की। शुक्रवार को साड़ियों की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई। महिलाओं ने अपनी पसंदीदा साड़ी खरीदी। वहीं लेडीज फुटवियर की भी बिक्री सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक हुई।
00
मेहंदी लगवाने को लगी रही होड़
पर्व पर मेहंदी लगवाने का खासा महत्व है। शहर के ब्यूटी पार्लर समेत कुछ अन्य स्थानों पर दोपहर से लेकर देर शाम तक मेहंदी लगाने वालों के पास सुहागिनों की कतार लगी रही।
00
दांपत्य जीवन में खुशियां भरने वाला होगा करवाचौथ
पीलीभीत। ज्योतिषाचार्य पंडित नारायण स्वरूप शर्मा ने बताया कि शनिवार सायं 6.37 बजे चतुर्थी तिथि आ जाएगी। इस समय भगवान गणेश का पूजन करें। चंद्रोदय सायं 8.05 बजे संभावित है। उनके मुताबिक कर्क चतुर्थी यानी करवाचौथ रोहणी नक्षण में पड़ रही है। कार्तिक मास लक्ष्मी माता को समर्पित है। रोहणी लक्ष्मी का प्रिय नक्षण है। वैसे भी 27 नक्षत्रों का स्वामी चंद्रमा है। इनमें रोहणी चंद्रमा को सबसे प्रिय है। जब चंद्रमा रोहणी के साथ होता है तो सुख सौभाग्य की वर्षा करता है। इसलिए इस बार करवाचौथ दांपत्य जीवन में खुशियां भरने वाला साबित होगा।