जिले में इस वर्ष का सबसे बड़ा वैवाहिक समारोह शुक्रवार को होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत मंडी समिति में 209 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। इस वैवाहिक समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी समारोह में पहुंचकर वर वधुओं को आशीर्वाद देंगी।
शासन की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 151 शादियों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन प्रारंभ में प्रशासन की सुस्ती के चलते इसमें नाममात्र के पंजीकरण कराए गए थे, लेकिन अब इस भव्य समारोह में शादी कराने के लिए 209 जोड़ों के पंजीकरण कराए जा चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में शादी संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से मंडी समिति में व्यवस्था की। बारिश के मौसम को देखते हुए मंडी की तीन टिनशेड में व्यवस्थाएं की गई हैं। खास बात यह है इसमें हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदायों के युवक युवतियों की शादियां कराई जा रही हैं। इसलिए दोनों धर्मों के हिसाब से व्यवस्थाएं की गई हैं। टिन शेडों में 18 यज्ञ वेदियां बनाई गई हैं। प्रत्येक यज्ञ वेदी पर 10-11 जोड़ों के साथ एक-एक पुरोहित मौजूद रहेंगे, जबकि मुख्य पुरोहित मंच से वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराएंगे। वहीं मुस्लिम समुदाय की शादियों के लिए अलग पंडाल लगाकर काजी की व्यवस्था की गई है। वैवाहिक कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगे इसके लिए वर वधु व उनके पक्ष के लोगों को सुबह आठ बजे बुलाया गया है।