जहानाबाद/पीलीभीत। बरेली हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर लगने से कार सवार खटीमा निवासी बेचेलाल की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है।
उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के खटीमा निवासी 45 वर्षीय बेचेलाल पुत्र भगवान शनिवार दोपहर को कार से बरेली जा रहे थे। उनके साथ खटीमा के निवासी रवि सिंह (26) पुत्र नरेंद्र और राजीव कुमार (18) थे। बरेली हाईवे पर जतीपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस से कार की टक्कर हो गई। हादसे में बेचेलाल की मौत हो गई। वहीं अन्य दो कार सवार गंभीर रुप से घायल हो गए। बाइक से बरेली जा रहे कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कबीर खां निवासी सैयद महफूज (23) पुत्र महबूब अली भी हादसे में घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया गया, यहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। एसएचओ किरनपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
------