खेकड़ा (बागपत)। विद्युत निगम के शहर के विद्युत फीडर नंबर दो से जिला जेल को बिजली आपूर्ति करने से शहर के लोगों ने विद्युत निगम से दो नंबर फीडर की समस्या हल कराने की मांग की।
खेकड़ा नगर के दो नंबर फीडर पर नगर का 75 प्रतिशत लोड है। इससे मोहल्ला अहिरान, नाला पार बस्ती, विजयनगर, मोहल्ला गिरधरपुर, छोटा बाजार, मोहल्ला मुंडाला, पाठशाला मार्ग, मोहल्ला चक्रसेनपुर, मोहल्ला औरंगाबाद आदि के लोगों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। जबकि एक नंबर फीडर की मशीन से नगर के मोहल्ला रामपुर, बड़ा बाजार, जैन कॉलेज मार्ग के उपभोक्ताओं को ही विद्युत आपूर्ति दी जाती है।
अब विद्युत निगम ने जिला जेल की बिजली आपूर्ति को भी फीडर नंबर दो से जोड़ दिया है। सोमवार को ओवरलोड के चलते दिन में दो नंबर फीडर के उपभोक्ताओं को मात्र चार घंटे ही आपूर्ति मिली । फीडर दो नंबर के उपभोक्ताओं ने कहा विद्युत निगम जान बूझकर शहर की अनदेखी कर रहा है। इससे बर्दास्त नहीं करेंगे। यदि तत्काल ओवरलोड की समस्या हल नहीं की तो आंदोलन कर मुख्यमंत्री से भी शिकायत होगी। विद्युत निगम के जेई रविप्रताप ने कहा दो नंबर फीडर की समस्या है, लेकिन जिला जेल को इससे ही आपूर्ति दी जाएगी।