माधोटांडा (पीलीभीत)। निर्माण कार्यों में कमीशन खोरी का असर पीलीभीत माधोटांडा मार्ग पर देखा जा सकता है। चंद दिनों पूर्व ही करोड़ों की लागत से बनी हाटमिक्स रोड पहली बारिश ही नहीं झेल सकी। सड़क में दरारें पड़ने लगी हैं।
पीलीभीत माधोटांडा मार्ग पिछले करीब पांच सालों से जर्जर पड़ा था। इस पर पिछले वित्तीय वर्ष में इसका हाटमिक्स से निर्माण कराया गया है। मार्ग निर्माण होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। इससे पीलीभीत आना जाना आसान हो गया, लेकिन क्षेत्रवासियों की यह खुशी चंद दिनों मेें ही फीकी पड़ती दिख रही है। करोड़ों की लागत से बनी यह हॉटमिक्स सड़क पहली बारिश में ही टूटने लगी है। जंगल में सिद्धबाबा के निकट एक किनारे पर मिट्टी बैठने के साथ मार्ग में भी दरार पड़ गई है जो लगातार बढ़ती जा रही है। एक दो बारिश में सड़क का यह भाग टूटकर अपना अस्तित्व ही खो देगा। वहीं टूट रही सड़क से हादसे की आशंका भी बढ़ गई है। तेज रफ्तार वाहन कभी भी इस टूटी सड़क के चलते अनियंत्रित होकर पलट सकते हैं। इसके अलावा सिद्धबाबा के निकट ही माला नदी पुल से आगे दोनों किनारों पर सुरक्षा को लगाए गए कट्टे भी गिरने लगे हैं। यदि इन्हें ठीक नहीं कराया गया तो कट्टों के साथ सड़क को भी नुकसान हो सकता है।