- 900 मीटर लंबे ओवरब्रिज पर हो गए हैं कई स्थानों पर गड्ढे
- खतरे की आशंका को लेकर ठीक कराने की हो रही थी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। नौगवां चौराहे पर बने 900 मीटर लंबे ओवरब्रिज की खराब हालत को अब सुधारने का काम शुरू किया जा रहा है। पुल पर गड्ढा होने से लोगों को परेशानी हो रही थी। इसके लिए एनएच की ओर से 77 लाख रुपये से सतह सुधार का काम शुरू किया गया है। काम के दौरान पुल से कोई वाहन नहीं गुजरेगा। इसको लेकर एप्रोच सड़क से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
शहर के नोगवां चौराहे के ऊपर से गुजरे ओवरब्रिज की स्थिति खराब हो गई थी। जगह-जगह गड्ढे होने और गाडर दिखाई पड़ने से वाहनों को हिचकोलों के बीच से गुजरना पड़ रहा था। इसको लेकर खतरा भी बना हुआ था। मरम्मत को लेकर कई बार लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की थी। ठीक कराने की मांग को लेकर एनएचई ने इसके लिए विशेष मरम्मत के लिए मंत्रालय के पास प्रस्ताव भेजा था। मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कार्य के लिए 77 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
बजट जारी होने के बाद शुक्रवार को काम के लिए पुल पर मशीनों को लगाने के साथ ही सामग्री को रखवा दिया गया है। मरम्मत के दौरान वाहन चालकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बड़े वाहनों के रूट को एप्रोच सड़क से डायवर्ट कराया जा रहा है। ताकि कार्य के दौरान कोई दिक्कत ना हो सके।
ईदगाह रेलवे क्रॉसिंग से शहर में आएंगे वाहन
ओवरब्रिज पर काम होने के कारण बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को फिलहाल ईदगाह रेलवे क्रॉसिंग से रोडवेज होते हुए नौगवां चौराहे पहुंचना होगा। यहां से आगे के लिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य छोटे वाहनों को अंडरपास के रास्ते गुजारा जाएगा, ताकि उनको असुविधा ना हो सके। हालांकि मरम्मत के दौरान पुल की एक साइड को खोलकर रखा गया है। ताकि हल्के वाहन वहां से गुजरते रहे। आवश्यकता पड़ने पर इसे बंद किया जाएगा।
रामलीला रोड पर बढ़ जाएगा ट्रैफिक
ओवरब्रिज पर काम शुरू होने के कारण के चलने से रामलीला रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ जाएगी। अभी तक इस रोड से अधिकांश गन्ना वाहनों का ही आवागमन हो रहा है। साथ ही ईिरक्शा का भी संचालन हो रहा है। काम चलने से अन्य वाहन भी इसी रोड से शहर में प्रवेश करेंगे।
मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद 77 लाख से 900 मीटर लंबे पुल पर सतह सुधार का काम शुरू करा दिया गया। पुल पर गड्ढे होने से आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही थी।- शशांक भार्गव अधिशासी अभियंता एनएचई, बरेली