आधा घंटे तक मार्ग पर टहलता रहा बाघ, यातायात थमा
बाइफरकेशन डगा मार्ग पर देर शाम बाघ की दस्तक से छूटे राहगीरों के पसीने
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा। बाइफरकेशन-डगा मार्ग पर बुधवार शाम राहगीरों के उस समय पसीने छूट गए, जब जंगल से बाहर निकला बाघ मार्ग पर सामने आ गया। करीब आधा घंटे तक मार्ग पर रुकने के बाद बाघ पुन: जंगल की ओर चला गया। बाघ के जाने के काफी देर बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। हालांकि सूचना होने पर वनकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की संख्या में इजाफा हुआ, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। कहीं आबादी क्षेत्र तो कही जंगल मार्ग पर बाघ की चहलकदमी हमेशा बनी रहती है। बुधवार शाम करीब छह बजे बराही रेंज के अंतर्गत बाइफरकेशन-डगा मार्ग पर बाघ ने दस्तक दे दी। मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की बाघ पर नजर पड़ते ही उनके पसीने छूट गए। बाघ की मौजूदगी देख डर से सहमें राहगीरों ने दूरी बनाकर वाहन को रोक लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से राहगीरों भीड़ जमा होने लगी। मार्ग पर बाघ होने की सूचना वनकर्मियों को लग गई। वनरक्षक रघुवीर रावत, नत्थू सिंह ने मौके पर पहुंच राहगीरों को आगे जाने से रोकने लगे। हालांकि आधे घंटे तक मार्ग पर रुक बाघ मार्ग से उतर कर जंगल की ओर चला गया। जिसके कुछ देर बाद ही यातायात सुचारु हो सका। ज्ञात रहे कि डगा से बाइफरकेशन और उसके आगे चूका जाने वाले मार्ग पर हमेशा बाघ की चहलकदमी देखी जाती रही है।