ट्रैक्टर की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव में हुआ हादसा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर/पीलीभीत। घर के बाहर बैठे 65 वर्षीय किसान की शनिवार सुबह करीब आठ बजे ट्रैक्टर से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई। परिजन वाले घायल को इलाज के लिए पीलीभीत के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी मोतीराम गंगवार खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इस बीच बरखेड़ा की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने किसान को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और किसान को इलाज के लिए पीलीभीत के एक निजी अस्पताल लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में किसान की मौत की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया। परिजनों से बातचीत कर हादसे की जानकारी जुटा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान की मौत के बाद से पत्नी विलासो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक बेटा जसवंत व चार बेटी महारानी, नन्ही देवी, गुड्डी देवी, पूनम सभी विवाहित हैं। कोतवाल माधो सिंह विष्ट ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक भी टिकरी गांव का रहने वाला है। मृतक के बेटे ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है। दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास किए जा रहे हैं।