बीसलपुर-शाहजहांपुर मार्ग पर गांव के बाहर टहल रहे अहिरपुरा नगला गांव निवासी 14 वर्षीय रामकमल की बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके से धर दबोचा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के अहिरपुरा गांव निवासी राजकमल पुत्र स्वर्गीय देवेश मोहन एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। रोज की तरह वह बुधवार सुबह गांव के बाहर बीसलपुर-शाहजहांपुर मार्ग पर टहल रहा था। इस बीच बीसलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसको कुचल दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली व उसके चालक बरखेड़ा के कटकवारा गांव निवासी धर्मवीर को मौके से धर दबोचा। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उसको पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जानकारी मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ माधो सिंह विष्ट ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक पुलिस की हिरासत में है। परिजनों से मिली तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हादसे से उजड़ गई किरन की गृहस्थी
बीसलपुर-शाहजहांपुर हाईवे पर हुए हादसे में हुई मासूम की मौत से मां किरन देवी की गृहस्थी ही उजड़ गई है। पति की 2012 में अचानक गिरकर मौत हो गई थी। इसके बाद इकलौते बेटे राजकमल के साथ वह जिंदगी गुजार रही थी। परिवार के अन्य भी साथ ही रहते थे। सुबह घर से टहलने के लिए निकले लाडले राजकमल की मौत की खबर सुनकर उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह बदहवास हो गई है। उधर, बाबा बांकेलाल का भी रो-रोकर बुरा हाल है।