बीसलपुर (पीलीभीत)।
गांव बौनी के बाग मालिकों ने पानी टेल तक न पहुंचने को लेकर शनिवार को अपराह्न चार बजे प्राथमिक विद्यालय के पास नहर विभाग के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
गांव बौनी के कई बाग मालिक शनिवार को अपराह्न चार बजे प्राथमिक विद्यालय के पास जमा हुए और नहर विभाग के विरोध में प्रदर्शन, नोरबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विभागीय अनदेखी के चलते उनके गांव के पास स्थित बौनी माइनर नहर में पिछले लगभग दो दशकों से टेल तक पानी नहीं आ रहा है, जिससे उन लोगों को नहर किनारे स्थित अपने आम और कटहल के बागों की सिंचाई करने में काफी दिक्कत हो रही है। बाग मालिकों का आरोप था कि नहर विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर कई बार आकर्षित कराया गया लेकिन अधिकारियों ने अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे समस्या बरकरार है। पौन घंटे बाद बाग मालिकों ने प्रदर्शन तब खत्म किया, जब ग्राम प्रधान अशोक कुमार मौर्य ने नहर विभाग के अधिकारियों से मिलकर इस समस्या का अतिशीध्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में तेज बहादुर, बैकुंठ नाथ, घासीराम, रामदास, अहिवरनलाल, श्रीपाल, ओमप्रकाश, टीकाराम, नेवाराम, अनिल कुमार, बाबू सिंह, मायाराम, कृष्ण भरोसे, छैलबिहारी, राजीव कुमार, कृष्ण कुमार और नत्थूलाल आदि बाग मालिक शामिल थे।