तीन वार्डों में सड़क निर्माण कार्य
अधूरा, ठेकेदारों को दिया नोटिस
पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर ईओ ने की कार्रवाई, जमानत राशि जब्त करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
नगर पालिका परिषद के पिछले बोर्ड के कार्यकाल में तीन वार्डों में शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका। पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी ने तीनों ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है। ठेकेदारों को तत्काल निर्माण कार्य पूरा न करने पर जमानत धनराशि जब्त कराने की चेतावनी दी गई।
नगर पालिका द्वारा पिछले बोर्ड के कार्यकाल में शहर के वार्ड पांच सिविल लाइन नार्थ में इंटरलॉकिंग मार्ग और नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था। इस कार्य की जिम्मेदारी आरसी कंस्ट्रक्शन को दी गई। इसके अलावा नया सवेरा योजना के तहत दूधिया मंदिर रोड को पेवर ब्लॉक बनाने का ठेका मोहम्मद काशिफ खां को दिया गया। वार्ड 21 में ठेका चौकी से पीलीभीत पब्लिक स्कूल तक हाट मिक्स रोड बनाने का ठेका ठेकेदार तौसीफ मोहम्मद को दिया गया। बताते हैं कि शुरूआती दौर में ठेकेदारों द्वारा इन तीन मार्गों पर तेजी से कार्य शुरू कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद कार्य की रफ्तार धीमी होती गई। इधर लंबे समय तक सड़क निर्माण पूरा होने पर शहरवासियों ने इस मामले में शिकायत पालिकाध्यक्ष विमला जायसवाल और अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप से की। जिस पर पालिकाध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई केे निर्देश दिए। इधर अधिशासी अधिकारी ने मार्गों का निर्माण कार्य अधूरा पाते हुए तीनों ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में ठेकेदारों से तत्काल निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल्द निर्माण कार्य पूरा न होने पर जमानत धनराशि जब्त करने की चेतावनी दी गई। पालिकाध्यक्ष विमला जायसवाल ने बताया कि शहर के तीन वार्डों में सड़कों का निर्माण होना था, लेकिन ठेकेदारों की लापरवाही के कारण निर्माण समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके लिए ईओ ने ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यदि ठेकेदारों ने निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं कराया तो उनकी जमा जमानत धनराशि जब्त कर ली जाएगी।