पीलीभीत।
सहकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मुकुट बिहारी वर्मा एक दिवसीय दौरे पर आज पीलीभीत पहुंच रहे हैं। यहां वह आंगनबाड़ी सहित कई निर्माण कार्यों का शिलान्यास और ऋण मोचना योजना के तृतीय चरण में चयनित लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे।
शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ऋण मोचन योजना के तृतीय चरण के पात्र 10862 किसानों का चयन कर लिया गया है। इनमें से करीब 100 किसानों को सोमवार को प्रभारी मंत्री प्रमाणपत्र वितरित करेंगे। प्रमाणपत्र वितरण के लिए पंडाल कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार परिसर में तैयार किया जा रहा है। सीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ऋण मोचना योजना के प्रमाणपत्र वितरण के अलावा 158 आंगनबाड़ी केंद्रों व दो पेयजल योजनाओं का शिलान्यास भी प्रभारी मंत्री करेंगे। साथ ही उज्जवला योजना के लाभार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। सीडीओ ने बताया कि 12 बजे से होने वाले कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के अलावा चारों विधायक भी मौजूूद रहेंगे।
दो दिवसीय दौरे पर आएंगी नोडल अधिकारी
पीलीभीत। जिले के प्रभारी मंत्री के साथ नोडल अधिकारी एवं अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ बोर्ड की विशेष सचिव पिंकी जोवेल भी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को पीलीभीत आ रही हैं। सुबह 11 बजे वह बीसलपुर गेस्ट हाउस पहुंचेगी। इसके बाद बीसलपुर क्षेत्र में धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। दो बजे जोगीठेर पीएचसी और चार बजे बरखेड़ा ब्लॉक का निरीक्षण करेंगी। शाम छह बजे कलेक्ट्रेट के सभागार पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। मंगलवार को सुबह किसी एक कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद 11 बजे अमरिया के माधौपुर में अल्पसंख्यक विभाग से बने रहे कॉलेज, 12 बजे जहानाबाद रिछा मार्ग के चौड़ीकरण और 1.30 बजे जहानाबाद थाने का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद वह लखनऊ रवाना हो जाएंगी।