कलीनगर। माधोटांडा से बराही देवी मंदिर जाने वाली सड़क दो विभागों के फेर में फंस गई है। गन्ना विभाग और लोक निर्माण विभाग ने एक-दूसरे की सड़क बताकर करीब 700 मीटर मार्ग का निर्माण अधूरा छोड़ दिया। सड़क के गड्ढे करीब 20 हजार आबादी और बराही देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को दर्द दे रहे हैं। बाराही देवी मंदिर में अगस्त में मेला भी लगता है।माधोटांडा कस्बे से पांच किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बराही है। सिख बाहुल क्षेत्र में अधिकांश लोग खेती-किसानी करते हैं। किसानों का हर समय माधोटांडा और पूरनपुर आना-जाना लगा रहता है। अधिकांश लोग बराही देवी मंदिर जाने वाले रास्ते से माधोटांडा और पूरनपुर आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर गन्ना क्रय केंद्र भी है। दोपहिया, चार पहिया समेत बड़े वाहनों का दबाव भी मार्ग पर अधिक रहता है। ग्रामीणों का कहना है बराही और मकरंदपुर चौगान गांव के लिए दो मार्ग कटे हैं। इसमें बराही देवी मंदिर तक चार किलोमीटर का मार्ग गन्ना विभाग के अधीन है। मकरंदपुर चौगान गांव के लिए जाने वाला चार किलोमीटर लंबा मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन है। पूर्व में लोक निर्माण विभाग ने माधोटांडा बराही आने वाले छह किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत कराई, लेकिन 700 मीटर का दायरा अधूरा छोड़ दिया। इस सड़क को गन्ना विभाग का बताया गया, जबकि गन्ना विभाग इसे लोक निर्माण विभाग का बता रहा है। दो विभाग के फेर में फंसी सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है।
अफसरों से किया संपर्क, किसी ने नहीं ली सुधग्रामीणों का कहना है कि अधूरे मार्ग के निर्माण को लेकर गन्ना और लोक निर्माण विभाग के अफसरों से संपर्क किया। निर्माण की मांग की, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी किसी ने सुध नहीं ली। आवागमन में परेशानी हो रही है। फसलों को ले जाने में दिक्कतें होती है। इस मार्ग से बसंतपुर, बराही, कीरतपुर, चौगान, राजपुर समेत 10 से अधिक गांव के लोग आवागमन करते हैं। अगस्त में बराही देवी मंदिर में चलने वाले 14 दिवसीय मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है।
मकरंदपुर चौगान मार्ग भी बदहालबराही गांव से सटे इलाके से मकरंदपुर चौगान गांव जाने वाले मार्ग की हालत भी जर्जर है। ग्रामीणों का कहना है कि चार किलोमीटर दायरे में मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। लोक निर्माण विभाग ने अन्य हिस्से में मार्ग का निर्माण करा दिया, लेकिन चार किलोमीटर दायरे में कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका। इससे लोगों को परेशानी का सामना पड़ रहा है।फोटो: 12बराही में सात सौ मीटर दायरे में मार्ग अधूरा छोड़ दिया गया। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। बराही देवी के प्रसिद्ध मंदिर को भी श्रद्धालु इस मार्ग से होकर ही जाते हैं। ऐसे में अफसरों को ध्यान देने की जरूरत है।
करीब दो वर्षों से विभाग सड़क निर्माण नहीं करा रहा है। विभाग की सड़कों को शासन स्तर से ही लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया गया। सड़क का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त है, अब उसे लोक निर्माण या कोई अन्य विभाग ही बनाएगा।- खुशीराम भार्गव, जिला गन्नाधिकारी
गन्ना विभाग की सड़कों को लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया गया है। इससे अब जहां भी गन्ना विभाग की सड़कें अधूरी और जर्जर हैं। उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। नियमानुसार मरम्मत कराई जाएगी। - नवनीत कुमार, अवर अभियंता, लोक निर्माण