नवादा महेश में क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त पद के लिए शनिवार को हुए उप चुनाव में 69 प्रतिशत मतदान हुआ।
नवादा महेश में बीडीसी सदस्य के पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बीडीसी क्षेत्र में नवादा महेश के नौ व रम्पुरानत्थू के तीन बार्ड शामिल हैं। बीडीसी पद के उपचुनाव के लिए गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो व ग्राम रम्पुरानत्थू स्थित प्राथमिक विद्यालय मे एक बूथ पर शनिवार मतदान हुआ।
प्रात: सात बजे से तीनों बूथों पर मतदान शुरू होकर सायं पांच बजे तक चला। ग्राम नवादा महेश में स्थित बूथ संख्या 100 पर 299 मतदाताओं में से 207 व बूथ संख्या 101 पर 828 मतदाताओं में से 576 और ग्राम रम्पुरानत्थू में प्राथमिक विद्यालय में स्थित बूथ संख्या 224 पर 581 मतदाताओं में से 409 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार तीनों बूथों पर कुल 1708 मतदाताओं में से 1192 मतदाताओं ने मतदान किया। नवादा महेश में प्राथमिक व जूनियर विद्यालय एक ही प्रांगण में हैं। मतदान के कारण इन दोनों विद्यालयों व रम्पुरानत्थू के प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक मतदान होने के कारण शनिवार को अपनी उपस्थित लगा कर वापस चले गए। जिस कारण शिक्षण कार्य नहीं हो सका।
तीनों बूथों पर शांति व सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स तैनात रहा। मतदान समाप्त होने पर तीनों बूथों की मत पेटियां ब्लाक में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखकर उसे सील कर दिया गया। तीन जुलाई को मतगणना होगी।