पीलीभीत की चार सीटों पर 65.62 फीसदी मतदा
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले की सभी चार विधान सभा सीटों पर 65.62 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी के साथ कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद, राज्यमंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व मंत्री अनीस अहमद फूल बाबू और रामसरन वर्मा समेत 42 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। विधान सभा पीलीभीत सदर के मतदाताओं में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। इस सीट पर सब से अधिक 67.66 फीसदी व बीसलपुर विधान सभा क्षेत्र में सबसे कम 62.66 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। पूरनपुर में 65.50 और बरखेड़ा में 66.66 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। बरखेड़ा विधान सभा क्षेत्र की शिवनगर न्याय पंचायत के सभी 11 ग्राम पंचायतों के मतदाताओं ने अपने गांव को नवसृजित तहसील कलीनगर से जोड़े जाने के विरोध में सुबह मतदान के बहिष्कार की घोषणा की, बाद में अधिकारियों के समझाने पर एक-एक कर मानते चले गए। सबसे अधिक दिक्कत शिवनगर के ग्रामीणों को मनाने में हुई। एडीएम अजयकांत सैनी ने दोपहर बाद वहां पहुंच शासन स्तर पर उनकी बात पहुंचाने के आश्वासन पर ग्रामीण मतदान के लिए राजी हो गए। आधा दर्जन स्थानों पर ईवीएम के खराब होने की शिकायतें भी आईं, जिन्हें बाद में बदलकर मतदान शुरू करा दिया गया। शांति व सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। जिलाधिकारी मासूम अली सरवर, एसपी देवरंजन वर्मा, एडीएम अजयकांत सैनी, एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव तथा चुनाव प्रेक्षकों ने भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने जिले में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव होने का दावा किया है।