मंडलीय चैंपियनशिप पर पीलीभीत का कब्जा
पीलभीत। शहर के गांधी स्टेडियम में चल रही बेसिक विद्यालयों की तीन दिनी मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता परिणाम की घोषणा व विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहे पीलीभीत जिले के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत 270 अंक प्राप्त कर मंडल चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। बरेली जिले को दूसरा स्थान मिला। उसे 207 अंक प्राप्त हुए। कमिश्नर रणवीर प्रसाद व संयुक्त विकास आयुक्त श्री कृष्ण त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से विजेता व उपविजेता जिले के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की।
इस मौके पर कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने कहा है कि अक्सर किसी विभाग की बुराई सुनने को मिलती है, तो वह बेसिक स्कूलों की मिलती है, लेकिन ऐसा नहीं है। बेसिक शिक्षा में काफी सुधार हुआ है। बेसिक विद्यालयों के बच्चों की प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया है कि वह किसी कान्वेंट के बच्चों से कम नहीं हैं। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर डीएम अखिलेश मिश्र, एडी बेसिक डॉ. एसएन सिंह व बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने भी विचार व्यक्त किए। जूनियर बालक वर्ग की गोला फेंक में बदायूं के अनमोल, बरेली के संतोष व मोहित, चक्का फेंक में बदायूं के तालिब, बरेली के शंकर मलिक व विनय कुमार, लंबी कूद में बदायूं के आलोक, पीलीभीत के मंगल प्रसाद व आमीन क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। जूनियर बालक वर्ग की ऊंची कूद में बदायूं में प्रथम, पीलीभीत के मंगल द्वितीय, बरेली के विनोद तृतीय स्थान पर रहे। योगा में पीलीभीत की विकास एंड पार्टी प्रथम, बरेली की राहुल एंड पार्टी द्वितीय रही। कबड्डी में पीलीभीत की सुहेल एंड पार्टी प्रथम, बरेली के कुनाल एंड पार्टी द्वितीय स्थान पर रही। खो-खो में पीलीभीत की हारून एंड पार्टी प्रथम, बरेली की राजपाल एंड पार्टी द्वितीय स्थान पर रही। वॉलीबॉल में पीलीभीत की विशाल वैद्य एंड पार्टी प्रथम, शाहजहांपुर की कमल एंड पार्टी द्वितीय रही। बैडमिंटन युगल में पीलीभीत के उदित प्रकाश व उनके सहयोगी प्रथम, पीलीभीत के ही आलोक व उनके सहयोगी द्वितीय रहे।
ऊंची कूद बालिका वर्ग जूनियर में बदायूं की वर्षा की प्रथम, पीलीभीत की अलसिफा द्वितीय व रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद में बरेली की विनीता गुर्जर, बदायूं की माधुरी व पीलीभीत की करिश्मा क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रही। बालिका वर्ग जूनियर योगा में पीलीभीत की अराधना एंड पार्टी प्रथम, बरेली की छाया एंड पार्टी द्वितीय स्थान पर रही। कबड्डी में अनामा एंड पार्टी प्रथम, बदायूं की पूजा एंड पार्टी द्वितीय स्थान पर रही। खो-खो में पीलीभीत की सविता एंड पार्टी प्रथम, बरेली की अनीता एंड पार्टी द्वितीय, वॉलीबॉल में पीलीभीत की रेखा एंड पार्टी प्रथम व बरेली की टीम दूसरे स्थान पर रही।
----------
कुलसुम, पवन, अमन विनीता व्यक्तिगत चैंपियन
प्राइमरी वर्ग बालिका में पीलीभीत की कुलसुम, बालक वर्ग में बदायूं के पवन, जूनियर वर्ग बालक में पीलीभीत के अमन, बालिका वर्ग में बरेली की विनीता गुर्जर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत व्यक्तिगत चैंपियनशिप प्राप्त की।