खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर जिला जेल से बागपत न्यायालय में विक्की सुन्हैड़ा सहित 21 बंदियों को ले जाते समय दिल्ली सहारनपुर हाइवे पर पाठशाला बस स्टैंड के समीप गाड़ी अचानक खराब हो गई। इससे जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। करीब आधा घंटे के बाद गाड़ी रवाना होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को सुबह करीब ग्यारह बजे ग्राम अब्दुलपुर जिला जेल से विक्की सुन्हैड़ा सहित 21 बंदियों को जेल की गाड़ी से बागपत न्यायालय ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जब बंदियों से भरी गाड़ी दिल्ली सहारनपुर हाइवे स्थित पाठशाला बस स्टैंड के समीप पहुंची तो अचानक गाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। बीच मार्ग में बंदियों की गाड़ी खराब होने से जेल प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पाठशाला बस स्टैंड से मैकेनिक को बुलाकर गाड़ी के इंजन में आयी खराबी को दूर कराया गया। इसके बाद बंदियों से भरी गाड़ी बागपत के लिए रवाना हुई। तब जाकर जेल प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। गाड़ी खराब होने बंदी भी देर से जेल पहुंचे। इस कारण बंदियों की जेल में पेशी भी देरी से हो सकी।
जेल एसके सिंह ने बताया कि बुधवार को बंदी गाड़ी में विक्की सुन्हैड़ा सहित 21 बंदी कोर्ट गए। खेकड़ा में हाईवे पर गाड़ी के इंजन में खराबी आई। गाड़ी के स्टाफ ने बाजार में प्राइवेट मिस्त्री से गाड़ी ठीक कराई और गाड़ी लेकर कचहरी पहुंच गई।