खेकड़ा (बागपत)।
बीईओ ने स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को स्कूली बच्चों की ड्रेस की सिलाई की जिम्मेदारी दी। साथ ही समूह की पदाधिकारियों को ड्रेस की गुणवत्ता का भी ध्यान रखने को कहा।
गर्मियों की छुट्टी खत्म हो गई है। दो जुलाई से सभी सरकारी गैर सरकारी विद्यालय खुल जाएंगे। ऐसे में शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को निशुल्क वितरित की जाने वाली ड्रेस अभी तक तैयार नहीं हो सकी है। शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडे ने खंड विकास कार्यालय सभागार में क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की सभी सदस्य महिलाओं के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों से कहा कि सोमवार से स्कूल खुल रहे हैं। वह जल्द से जल्द गुणवत्ता युक्त कपडे़ का चुनाव कर बच्चों के लिए निशुल्क दी जाने वाली ड्रेस की तत्काल सिलाई कर विद्यालयों में भेजे। ताकि बच्चे स्कूल में यूनिफार्म में अनुशासन के साथ पहुंचकर पढ़ाई कर सके। साथ ही उन्होंने समूह की अनेकों सदस्य महिलाओं के स्कूल ड्रेस की सिलाई करने के लिए फार्म भी भरवाये। इस दौरान स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कई महिलाएं मौजूद रहीं।