04 पीबीटीपी 10
कूड़ा निस्तारण की कवायद हुई तेज
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मचा हड़कंप
पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि ने सदर विधायक से मिलकर डलावघर को मांगी जमीन
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
शहर में मुसीबत का सबब बन चुके कूड़े के निस्तारण के लिए एक बार फिर तेजी से कवायद शुरू हुई है। इसकी खबर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि ने सदर विधायक से मिलकर डलावघर के लिए दस एकड़ शासकीय भूमि दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने इस मामले लेकर डीएम डॉॅ. अखिलेश मिश्र से भी मुलाकात की।
करीब ढाई लाख की आबादी वाले इस शहर से रोजाना ही करीब आठ मैट्रिक टन कूड़ा उठाकर शहर की लाइफ लाइन कहीं जाने वाली देवहा नदी में बरसों से डाला जा रहा है। इससे नदी का पानी दूषित होता जा रहा है। जिस पर पालिका प्रशासन द्वारा कूड़ा निस्तारण की समस्या से निजात पाने को स्थाई डलावघर के लिए भूमि खरीदने का निर्णय लिया गया। इसको लेकर भूमि क्रय करने की पत्रावली तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी गई, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। नासूर बनती जा रही कूड़े की समस्या को लेकर अमर उजाला ने सोमवार के अंक में ‘डीएम साहब! प्रदूषण मुक्त करने की कवायद को क्यों लग रहा झटका’ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित कर अफसरों व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया। इधर खबर को संज्ञान में लेते हुए पालिका अध्यक्ष विमला जायसवाल के प्रतिनिधि व पूर्व चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने सोमवार को सदर विधायक संजय सिंह गंगवार से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शहर को कूड़े से निजात दिलाने को सालिड वेस्ट मैनेजमेंट ट्रीटमेंट प्लांट (डलावघर) के लिए दस एकड़ शासकीय भूमि दिलाने का आग्रह किया। सदर विधायक ने इस मामले में जल्द ही सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। इधर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र ने भी मिलकर स्थाई डलावघर के संबंध में वार्ता की।