पीलीभीत।शारदा डैम एवं इसके आसपास टाइगर रिजर्व की 150 हेक्टेअर भूमि पर काबिज 223 लोगों को चिह्नित कर वन विभाग ने नोटिस जारी किया है। इन सभी को 25 अक्तूबर को टाइगर रिजर्व कार्यालय पर अपने पक्ष में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। नोटिस जारी होने से जमीन पर काबिज लोगों में खलबली है। उनसे कब्जे हटाने के लिए वन विभाग ने नोटिस की कार्रवाई की है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटी अथवा उसके नाम दर्ज करीब एक हजार हेक्टेअर से अधिक क्षेत्रफल पर वर्षो से अवैध कब्जा है। इस कब्जे को मुक्त कराने के लिए कई बार प्रयास हो चुके हैं लेकिन विभाग को सफलता नहीं मिल रही है। अब एंटी भू माफिया सेल बनने के बाद वनविभाग भी सक्रिय हुआ है। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि तराई क्षेत्र के नेपाल सीमा से सटे बंदरबोझ के 99.80 हेक्टेअर जमीन पर 173 लोेग चिह्नित हैं, जिसमें एक प्राइमरी स्कूल भी है। शेष 172 लोगों से भूमि खाली कराई जाएगी। इसके अलावा शारदा डैम-ए क्षेत्र में लगभग 50.58 हेेक्टेअर जमीन पर 50 लोगों का कब्जा है। पहले भी इन सभी से जमीन खाली कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अब एक बार फिर जमीन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत चिह्नित 223 कब्जेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। वनक्षेत्राधिकारी के माध्यम से भेजे जा रहे नोटिस में कब्जेदारों को 25 अक्तूबर को मुख्यालय पर साक्ष्यों के साथ बुलाया गया है। डीएफओ ने बताया कि यदि जमीन संबंधी कोई अभिलेख हैं तो कब्जेदार उसे प्रस्तुत करें उसकी जांच कराई जाएगी। यदि कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं होते हैं तो अंतिम बार जमीन खुद से खाली करने का मौका दिया जाएगा, फिर भी जमीन खाली न की तो उसे खाली करा दिया जाएगा और कब्जेदारों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।