पीलीभीत। शनिवार सायं जिले में हुई हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इसे के साथ पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली। नगर में निकास अभाव में कुछ स्थानों पर पानी भी भरा रहा। उधर, किसानों की फसल को इस बारिश से खासा लाभ पहुंचा है।
पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोग खासे बेहाल थे। शनिवार सुबह भी मौसम का मिजाज गर्म रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज ठंडा होने लगा। करीब चार बजे मौसम एकाएक बदल गया। आसमान में काली घटा छा गई। थोड़ी देर बाद बारिश शुरू हो गई। कुछ देर तेज बारिश हुई। एकाएक तेज बारिश के चलते कुछ देर तक सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। बाद में देर सायं तक बूंदाबांदी होती रही। थोड़ी देर में ही मौसम सुहाना लगने लगा। गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली। किसानों के लिए यह हल्की बारिश वरदान साबित हुई है। धान की रोपाई भी तेज हो गई है। इसके अलावा गन्ने की फसल को भी इस बारिश से लाभ पहुंचा है।
बीसलपुर। शनिवार को दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम काफी खुशगवार हो गया। गर्मी काफी हद तक थम गई है। बारिश से नगर में जगह-जगह जलभराव भी हो गया था, जो शाम को बारिश खत्म होने के बाद समाप्त हुआ। बारिश से धान की पौध, फसल और गन्ने की फसल को काफी लाभ हुआ है। जिससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। जिन किसानों ने बारिश न होने के कारण अभी तक धान की रोपाई शुरू नहीं कराई थी, उन किसानों ने भी रोपाई कराने की तैयारी पूरी कर ली है।