गौटिया मार्केट में अधूरी पड़ी सड़क, आवागमन में परेशानी झेल रहे राहगीर और दुकानदार। संवाद
- फोटो : 1
न्यूरिया। गौटिया मार्केट में 55 मीटर अधूरी सड़क राहगीरों, किसानों और दुकानदारों के लिए मुसीबत बनी हुई है। दशहरा, दीपावली और दुर्गा पूजा के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद के बीच कारोबारी चिंतित हैं।
वहीं, धान कटाई शुरू होने से किसानों को भी खेतों तक आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क अधूरी होने से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल है। करीब 70 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर आरसीसी सड़क का पुनर्निर्माण जुलाई 2025 में शुरू हुआ था। निर्माण के लिए सड़क को तीन खंडों में बांटा गया। इसमें लगभग 145 मीटर सड़क तैयार हो चुकी है, जबकि शेष 55 मीटर सड़क और दो पुलियों का निर्माण अधूरा है।
इस कारण लोगों को बाजार आने-जाने में दिक्कत हो रही है। त्योहारी सीजन में अधूरी सड़क ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। जनता मोबाइल गैलरी के स्वामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नाराजगी जताई और नगर पंचायत अध्यक्ष रिहाना बेगम से निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। यामीन, तौफीक, जाविर, बल्ले, बाबू, आरिफ आदि ने भी समाधान की मांग उठाई है। संवाद