बीसलपुर। गन्ना पर्यवेक्षकों ने आठ माह से वेतन न मिलने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को गन्ना विकास परिषद कार्यालय में वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (एससीडीआई) का घेराव किया। किसान सहकारी चीनी मिल के सभी गन्ना पर्यवेक्षक शुक्रवार को गन्ना विकास परिषद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक धर्मेंद्र प्रसाद दुबे का घेराव कर लिया। पर्यवेक्षकों का कहना था कि चीनी मिल के अधिकारियों की अनदेखी के चलते उन्हें आठ माह से वेतन नहीं मिल पा रहा है, इससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। परिवार पालना भी मुश्किल हो गया है। पर्यवेक्षकों का आरोप था कि मिल के अधिकारी अपना वेतन तो प्रत्येक माह निकाल लेते हैं लेकिन उन्हें वेतन नहीं दे रहे हैं। पर्यवेक्षक चीनी मिल के अधिकारियों की इस तानाशाही के लिए वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। पर्यवेक्षकों का कहना था कि यदि वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक चाहें तो उनका वेतन तत्काल मिल सकता है। पर्यवेक्षकों ने वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के मिल अधिकारियेां से वार्ता कर वेतन शीघ्र दिलाने के आश्वासन पर घेराव खत्म किया। इस दौरान रामऔतार, हेमशंकर, रामबहादुर, रविंद्र शाह, कपिल ध्वज, धर्मराज यादव, राममूर्ति लाल, रूपनरायन, ऋषिकांत शुक्ला आदि मौजूद रहे।