पूरनपुर। प्रिंटिंग प्रेस मालिकों का लोकसभा चुनाव को लेकर हर तीसरे दिन अपने रजिस्टर का अवलोकन करना होगा। राजनीतिक प्रचार सामग्री का प्रकाशन करने पर इसकी सूचना एसडीएम कार्यालय में देनी होगी। शराब की दुकानों पर निर्धारित समय के अलावा शराब की बिक्री होती मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। एसडीएम भानु प्रताप सिंह ने शनिवार शाम को कोतवाली में प्रिंटिंग प्रेस स्वामियों और शराब सेल्समैनों की अलग-अलग बैठक लेकर निर्देश दिए। प्रिंटिंग प्रेस मालिकों को राजनीतिक चुनाव सामग्री प्रकाशित करने पर उनकी संख्या और प्रेस का नाम प्रचार सामग्री पर अंकित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा गया कि चुनाव प्रचार सामग्री का प्रकाशन करने पर इसकी सूचना प्रतिदिन उनके कार्यालय में दें। ताकि संबंधित प्रत्याशी के खर्र्चे में उक्त रकम को जुड़वाया जा सके। शराब सेल्समैनों की बैठक में अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री कतई न करने, निर्धारित समय में ही दुकान खोलने, होली पर्व को लेकर बंदी के दिन शराब की बिक्री होती मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसडीएम ने कहा कि बंदी के दिन दुकान का शटर बंद होने पर साइड से शराब की बिक्री की शिकायतें मिलती है। शिकायतें मिलने पर जांच कराई जाएगी। अगर शराब बिकती पाई गई तब कार्रवाई होगी।