अब गोमती उद्गम स्थल पहुंच सकेंगे पर्यटक
डीएम के निर्देश पर गाइडों को दिया गया प्रशिक्षण
सफारी वाहन का रूट किया निर्धारित
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। पर्यटन सत्र के दौरान टाइगर रिजर्व और चूका इको टूरिज्म के अलावा गोमती उद्गम स्थल को बढ़ावा देने के लिए डीएम डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने प्रयास शुरू किया है। डीएम के निर्देश पर बुधवार को गोमती उद्गम स्थल पर पर्यटन गाइडों को उद्गम स्थल की जानकारी दी गई।
जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर रिजर्व और चूका बीच पर्यटकों के लिए आज से खोल दिया जाएगा। सत्र के दौरान जिले से लेकर प्रदेश व अन्य राज्यों सहित विदेशी पर्यटकों का भी यहां आना लगा रहता है। सत्र के दौरान पर्यटकों को चूका सहित जंगल भ्रमण की जिम्मेदारी जंगल सफारी वाहन को दी जाती है। इधर गोमती उद्गम स्थल को भी सौंदर्यीकरण कर विकसित किया गया है। मंगलवार को पर्यटन सत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीएम ने प्रशासनिक व वन अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की थी। जिसमें पर्यटन सत्र के दौरान जंगल के साथ गोमती उद्गम स्थल पर भी सफारी वाहन लगाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए संबंधित गाइडों को गोमती उद्गम स्थल की विस्तृत जानकारी देने के डीएम ने निर्देश दिए थे। जिसके चलते बुधवार को एसडीएम चंद्रभान सिंह, महोफ रेंजर गिरिराज सिंह व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी नरेश कुमार चंद्रभान सिंह की मौजूदगी में गोमती उद्गम स्थल पर पर्यटकों को परीक्षण दिया गया। इस दौरान गोमती उद्गम स्थल के महत्व की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया गया। डीएम के निर्देश के बाद गोमती उद्गम स्थल जाने के लिए दो सफारी वाहनों को लगाया गया है। इसमें पीलीभीत से गोमती उद्गम स्थल ले जाने के बाद बाइफरकेशन व चूका स्थित एसएसबी कैंप तक घुमाने के बाद वापस मुख्यालय छोड़ दिया जाएगा। वाहन का चार्ज 2300 रुपये निर्धारित किया गया है।