01पीबीटीपी 11
बराही रेंज के हल्दीडेंगा क्षेत्र में घूम रहा बाघ, दहशत
क्रासर...
फसल की रखवाली करने वाले मजदूरों ने देखा तो मचान पर चढ़कर जान बचाई
अधिकारी संजीदा लेकिन वनकर्मी नहीं कर रहे नियमित गश्त
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा (पीलीभीत)। बराही रेंज के हल्दीडेंगा क्षेत्र में बाघ की पिछले तीन दिनों से लगातार चहलकदमी हो रही हैं। बाघ जंगल से बाहर निकलकर दो किलोमीटर तक के क्षेत्र में देखा जा रहा है। मंगलवार शाम गन्ने की फसल की रखवाली कर रहे मजदूरों ने घूम रहे बाघ को देखा तो खुद को बचाने के लिए मचान पर चढ़ गए। करीब एक घंटे बाद बाघ के नहर की ओर चले जाने के बाद मजदूर मचान से उतरे और घर गए। लगातार इस क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है।
मौसम के बदलाव के बाद वन्यजीवों के साथ बाघ की चहलकदमी जंगल क्षेत्र के बाहर होने लगी हैं। बराही रेंज के हल्दीडेंगा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बाघ की चहलकदमी देखी जा रही हैं। इस क्षेत्र में गन्ने की फसल का रकबा अधिक हैं और गन्ना भी लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार जंगल से बाहर निकला बाघ सबसीडरी हरदोई ब्रांच नहर से होता हुआ हल्दीडेंगा क्षेत्र के निकट जा पहुचा। वहां गन्ने की रखवाली कर रहे मजदूर पप्पू व लालजीत की नजर जब बाघ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। बाघ देखकर सहमे दोनों मजदूर बाघ के भय से खेत में बने मचान पर चढ़ गए। कुछ देर बाद बाघ रजवाहा की ओर निकल गया। मजदूर मचान से ही उसको जाते हुए देखते रहे। मजदूरों को जब यह अहसास हो गया कि बाघ उनसे दूर जा चुका है तब वह नीचे उतरे। मजदूरों के मुताबिक बाघ पिछले एक सप्ताह से हल्दीडेंगा क्षेत्र में चहलकदमी करते देखा जा रहा है।
00000
अतिसंवेदनशील क्षेत्र है हल्दीडेंगा
बराही रेंज के हल्दीडेंगा क्षेत्र को अतिसंवेदनशील माना जाता है। यहां वन्यजीवों की हमेशा दहशत रहती है। पिछले साल 11 दिसंबर को खेत पर फसल की रखवाली कर रहे डगा निवासी अहमद खां पर बाघ ने हमला कर अपना निवाला बना लिया था। इसके बाद ही इसके आसपास के क्षेत्र में बाघ ने दो माह के भीतर ताबड़तोड़ हमले कर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। ऐसे में पिछलें एक सप्ताह से फिर हल्दीडेंगा क्षेत्र में बाघ की शुरू हुई चहलकदमी चिंता का विषय बनी हुई है। क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल हैं। मजदूर खेत पर रखवाली करने से करताने लगे हैं।
000000
01 पीबीटीपी 12
अधिकारी संजीदा, लेकिन कर्मचारी गंभीर नहीं
डिप्टी डायरेक्टर ने हल्दीडेंगा क्षेत्र का किया दौरा
पीलीभीत। हल्दीडेंगा क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी की सूचना पर टाइगर रिजर्व के अधिकारी तो संजीदा दिख रहे हैं लेकिन स्थानीय वनकर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं।
बुधवार को डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार ने हल्दीडेंगा क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने खेत पर रखवाली कर रहे रखवालों से क्षेत्र में बाघ व अन्य वन्यजीवों की चहलकदमी के बारे में जानकारी की। जिस पर वहां मौजूद रखवालों ने बताया कि बाघ लगातार हल्दीडेंगा क्षेत्र में घूमता देखा जा रहा है। डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार रखवालों को सतर्क रहने की सलाह देने के साथ बराही रेंज के स्टाफ को जंगल से बाहर निकल रहे बाघ की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान एसडीओ प्रवीन खेरे भी मौजूद रहे लेकिन मजदूरों का कहना है कि इन अधिकारियों के अलावा स्थानीय कोई भी वनकर्मी पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गश्त करता दिखाई नहीं दिया।