गोमती नदी के पुनर्जीवन को श्रमदान शुरू
उद्गम स्थल से जिले की सीमा तक सभी गांव में जुटे ‘भगीरथ’
हवन पूजन के बाद डीएम ने फावड़ा चलाकर किया शुभारंभ
जय मां गोमती के जयकारों से गूंजा वातावरण
02 पीबीटीपी 6 से 10
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा/पीलीभीत। गोमती नदी के पुनर्जीवन देने को सोमवार से श्रमदान शुरू हुआ। सुबह डीएम ने हवन पूजन और आरती के बाद फावड़ा चलाकर श्रमदान का शुभारंभ किया। श्रमदान लेकर विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों व जनप्रतिनिधि के अलावा बड़ी संख्या में लोग गोमती तट पर जुटे हैं। जय मां गोमती के जयकारे के साथ पहले दिन गोमती किनारे बसे जिले के सभी 16 गांव में एक साथ श्रमदान कर खुदाई की शुरू कराई गई। इस दौरान भजन कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया।
गोमती उद्गम स्थल पर सुबह से ही श्रमदानियों की हुजूम उमड़ने लगा था। 8.30 बजे डीएम डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र पत्नी के साथ गोमती उद्गम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्नीक हवन में आहुतियां देकर गोमती का पूजन किया। इसके बाद विधायक बाबूराम पासवान, पूर्व मंत्री डॉ. विनोद तिवारी के साथ डीएम ने गोमती की आरती की। पूजन के बाद आयोजित गोष्ठी में डीएम ने कहा कि गोमती की अविरल धारा बहाने को उमड़े जनसमूह का उत्साह देखकर उन्हें पूरा विश्वास है कि गोमती अपने पुराने रूप में पुन: बहेगी। इसके लिए शासन से भी मदद ली जाएगी। यदि धनराशि नहीं भी मिलती है तो भी जनसहयोग से नदी की अविरल धारा बहाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गोमती के नाम आरती, गीत के साथ पुस्तक लेखन भी होना चाहिए जिससे देश विदेश तक गोमती व माधोटांडा की पहचान हो सके। इस दौरान बीसलपुर विधायक रामसरन वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, पूर्वमंत्री डॉ. विनोद तिवारी, भूगर्भ जल वैज्ञानिक डॉ. राजेश उपाध्याय एवं डॉ. सौरभ ने भी अपने विचार रखे। संचालन बीडीओ पूरनपुर ऋषिपाल सिंह ने किया। इसके बाद डीएम ने पत्नी के साथ नारियल फोड़कर एवं फावड़ा चलाकर खुदाई कार्य का शुभारंभ किया। डीएम के फावड़ा चलाते हुए क्षेत्र से आए हजारों श्रमदानियों ने जय मां गोमती के जयकारों के साथ खुदाई प्रारंभ की।
0000
यह लोग रहे मौजूद
एसडीएम पुष्पा देवरार, शशिभूषण राय, सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार, होमगार्ड कमांडेंट रमाकांत पाठक, बीएसए, मुक्ता जैन, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, तेजप्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी विंध्यवासिनी सिंह, प्रधान किरन सिंह, बृजेंद्र प्रताप सिंह, रेखा परिहार, योगेश्वर सिंह, निर्भय सिंह, अनंतराम पालिया, धनीराम कश्यप सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
000
जमीनी सतह पर बढ़ाना होगा पानी: उपाध्याय
लखनऊ से हाइड्रोलाजिस्ट डॉ. राजेश उपाध्याय ने कहा रिमोट एप्लीकेशन सेंटर की टीम उपग्रह में कैमरों के माध्यम से गोमती का अध्ययन कर रहे हैं। अविरल धारा बहाने को पहले जमीनी सतह पर पानी की मात्रा को बढ़ानी होगी। इसके लिए पेड़ पौधों के साथ कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देना होगा। हम इस पर एक विस्तृत परियोजना बनाकर कार्य करेंगे।
000
छात्र-छात्राओं ने किया स्वागत
कस्बे के बाल विद्या मंदिर के बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। वहीं विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत गया। इससे पहले बच्चे डीएम की अगवानी करते हुए कार्यक्रम स्थल तक लेकर पहुंचे।
0000
सभी 16 ग्राम पंचायतों होगा सोलह श्रृंगार
उद्गम स्थल पर वैसे तो सुबह 7.00 बजे से ही भीड़ पहुंचने लगी थी लेकिन हवन पूजन एवं गोष्ठी आदि के बाद 11.30 बजे झील के दक्षिणी छोर श्रमदान शुरू हुआ। इस दौरान डीएम ने कहा गोमती नदी क्षेत्र में जिले की 16 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी में एक साथ काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने गोमती सोलह शृंगार की संज्ञा दी। श्रमदान के बाद नदी मार्ग के कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन से भी खुदाई कराई गई।
000
बरसों बाद गोमती तट पर उमड़ा जन सैलाब
गोमती पर अविरल धारा बहाने को यूं तो कई बार प्रयास हो चुके हैं और सरकार ने करोड़ों रुपये भी इस पर खर्च किए हैं लेकिन गोमती में बदलाव नहीं आया। अब सोमवार को पुन: इसके लिए काम शुरू होने की जानकारी पर नदी क्षेत्र में पडने वाले गांव ही नहीं पूरे जिले भर से लोग यहां पहुंचे थे। इससे गोमती तट एवं नदी की धार के क्षेत्र में श्रमदानियों की सैलाब नजर आ रहा था। श्रमदान करने को लोगों उत्साह एवं लगन देखते ही बन रही थी।
000
डीएम की पत्नी सहित लोगों ने दिया दान
उद्गम स्थल पर अविरल धारा बहाने के साथ ही इसकी देखरेख के लिए ट्रस्ट भी बनाया जा रहा है। इस ट्रस्ट में बड़ी संख्या में लोग धनराशि दान कर रहे हैं। सोमवार को श्रमदान शुरू होने से पहले डीएम की पत्नी ने ट्रस्ट को 10 हजार रुपये की धनराशि दान की। इसके अलावा माधोटांडा निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी रविंद्र सिंह (रम्मन सिंह) ने भी 10 हजार रुपये दान किए।
000
कई विभाग एवं संस्थाओं ने किया सहयोग
गोमती में अविरल धारा बहाने के लिए सोमवार से शुरू हुई मुहिम में शारदा सागर खंड, बाढ़ खंड, जय गुरुदेव संस्था, गायत्री परिवार के अलावा विभिन्न ग्राम पंचायत से भारी संख्या में लोगों ने सहयोग किया।
000
श्रमदानियों को भोजन व प्रसाद की थी व्यवस्था
अविरल धारा बहाने को शुरू हुई मोहिम में अपना श्रमदान करने पहुंचे लोगों के लिए प्रसाद व भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसमें ग्राम प्रधान किरन सिंह की ओर से भोजन के दो हजार एवं गायत्री परिवार की ओर से एक हजार पैकेट बनवाए गए थे। इसके अलावा जय गुरुदेव संस्था की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया।
0000
महिलाओं ने दीप जलाकर की पूजा
गोमती नदी क्षेत्र में जहां श्रमदानियों ने फावड़ा चलाकर खुदाई की वहीं बड़ी संख्या मेें पहुंची महिलाओं ने मुख्य झील के किनारे दीप जलाकर पूजा अर्चना एवं आरती की।
000000
जिपं अध्यक्ष ने प्रसादपुर में किया श्रमदान
गोमती नदी की खुदाई के लिए सभी 16 ग्राम पंचायतों में काम शुरू किया गया है। इसमें प्रसादपुर हाल्ट के निकट जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र ने झंडी दिखाकर श्रमदान का शुभारंभ। इसके बाद जिला पंचायत की टीम एवं ग्रामीणों ने श्रमदान शुरू किया। एएमए जागन सिंह ने बताया कि जिस जगह पर जिला पंचायत ने काम शुरू कराया है वहां पानी भरा है। इसलिए जेसीबी से नाला बनाकर पानी को अलग किया जा रहा है। पानी सूखने पर खुदाई कराई जाएगी।