पीलीभीत। निकाय चुनाव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। शहर के अलावा अन्य नगर पालिका और नगर पंचायतों में भी भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। नामांकन कराने वालों की संख्या अधिक होने के कारण तीन बजे के बाद तक प्रक्रिया चलती रही। जिले में अंतिम दिन अध्यक्ष के 46 और सभासद के लिए 310 नामांकन हुए।
शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में चल रही नामांकन प्रक्रिया में पीलीभीत नगरपालिका परिषद से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी दिव्या मिश्रा ने जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, शहर विधायक संजय गंगवार और रेखा परिहार के साथ नामांकन कराया। इससे पहले वह सैकड़ों समर्थकों के साथ अशोक कॉलोनी से जुलूस के रूप में ड्रमंड कॉलेज गेट तक पहुंची। निवर्तमान चेयरमैन प्रभात जायसवाल की पत्नी विमला जायसवाल और बसपा प्रत्याशी के रूप में पार्टी के वरिष्ठ नेता नफीस अंसारी की पत्नी नसरीन बानो, कांग्रेस से ममता लोधी ने मंगलवार को दुबारा लाव लश्कर के साथ नामांकन कराया। वहीं, मीनाक्षी शर्मा, मुनव्वर जहां अंसारी, अनीता सिंह और शहनवाज बेगम ने निर्दलीय के रूप में पर्चा दाखिल किया। शहर में कुल नौ प्रत्याशियों ने 12 नामांकन दाखिल किए, जबकि सभासद के लिए 94 नामांकन हुए।
बीसलपुर। निकाय चुनाव के अंतिम दिन मंगलवार नगर पालिका परिषद बीसलपुर से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के डॉ. महेश गुप्ता, निवर्तमान चेयरमैन छेदालाल जायसवाल, मोहम्मद सलीम, मुन्ने मियां, रोली, शकुंतला देवी और मीतू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया। सभासद के लिए 44 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। नगर पंचायत बरखेड़ा व बिलसंडा से अध्यक्ष के लिए अंतिम दिन कोई नामांकन नहीं हुआ, जबकि इन दोनों नगर पंचायतों में सभासद के लिए क्रमश: 19 व 06 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए।
पूरनपुर। नामांकन के आखिरी दिन निवर्तमान चेयरमैन एवं भाजपा प्रत्याशी प्रदीप जायसवाल लल्लन, बसपा की किरनलता रस्तोगी, कांग्रेस के सुशील सक्सेना, भाजपा के बागी निर्दलीय डॉ. तेजबहादुर सिंह तेजू और मोहन ने नामांकन दाखिल कराया जबकि सदस्य पद के लिए 78 नामांकन हुए।
माधोटांडा। कलीनगर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी मनोज गुप्ता सहित पांच प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। यहां सदस्य पद के लिए चार नामांकन हुए।
अमरिया। नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा के लिए ब्लॉक सभागार में नामांकन के अंतिम दिन निवर्तमान चेयरमैन अजय गोयल ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया, जबकि नन्हे ने निर्दलीय के रूप में नामांकन कराया। यहां सभासद के लिए नौ नामांकन पत्र दाखिल हुए।