पीलीभीत। मंडी समिति की ई नाम कार्यशाला का आयोजन कर किसानों को मंडी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसका उद्घाटन करते हुए शहर विधायक ने लाभार्थियों ने किसानों को चेक वितरित किए।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में ई नाम योजना के तहत आयोजित कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन विधायक संजय गंगवार ने दीप जलाकर किया। विधायक ने मंडी आवक योजना के 34 लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि पीलीभीत की पहचान किसानों से है। किसान की समृद्धि में ही जिले का विकास निर्भर है। डीएम शीतल वर्मा ने कहा कि मंडी, किसान और व्यापारी एक दूसरे के पूरक हैं। किसान मंडी से जुड़कर उसकी योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा पीलीभीत के किसान काफी मेहनती हैं विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन लेते हैं। ई नाम योजना के मास्टर ट्रेनर विशम्भर दयाल ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अभी तक 66 मंडियों को शामिल किया है। इसमें पीलीभीत जिले की सभी तीनों मंडियां भी शामिल है। आशुतोष कुमार ने योजना का तकनीकि पक्ष व्यापारियों व किसानों को समझाया। इस मौके पर मंडी समिति के सभापति/उपजिलाधिकारी सूरज यादव, उपनिदेशक मंडी मूलचंद्र गंगवार, सचिव विजिन बालियान, खाद्यान्न आढ़ती संघ के सर्वेश अग्रवाल, महामंत्री रवि गंगवार, अभिलाष, नरेंद्र प्रसाद उपाध्याय, जहीर अहमद, देवेंद्र सहित कई लोग मौजूद थे।