शिविर में मरीजों को परामर्श देते डॉ. आरके चितलांगिया संवाद
पीलीभीत। शहर के विशाल टाॅकीज में रविवार को नि:शक्त जनसेवा संस्थान, मुरारी लाल फाउंडेशन और बरेली कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर की जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का उद्घाटन डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके चितलांगिया ने मरीजों को परामर्श दिया।
कैंसर जांच और परामर्श शिविर में डीएम ने कहा कि कैंसर से बचाव का सावधानी ही प्रमुख उपाय है। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार शर्मा ने शिविर के महत्व पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश चंद्रा ने भी कैंसर से बचाव के उपाय बताए। नि:शक्त जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष अमृत लाल ने संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शिविर में कुल 42 मरीज आए। इसमें 23 मरीज कैंसर के थे। डॉ. आरके चितलांगिया ने मरीजों को परामर्श दिया। शिविर में डॉ. एसके मित्रा, डॉ. नीरज गुप्ता, अनिल कमल, पद्मा चंद्रा, कविता बंसवाल, प्रेम शर्मा आदि मौजूद रहे।