पीलीभीत। यहां रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की जानकारी के लिए अब यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा। जीएम के संभावित दौरे को लेकर स्टेशन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए स्टेशन पर कई स्थानों पर इनफार्मेशन डिस्पले स्क्रीन लगाई जा रही हैं। प्लेट फार्म नंबर दो पर अधूरे पड़े पैनल के कार्य को पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में यहां रेलवे स्टेशन पर जीएम का दौरा संभावित है। ब्रॉडगेज के निर्माण कार्य के चलते प्लेटफार्म नंबर दो पर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। इन दिनों प्लेटफार्म नंबर दो पर पैनल बनाने का कार्य चल रहा है। इधर, जीएम के दौरे को लेकर निर्माण कार्यों ने तेजी पकड़ ली है। प्लेटफार्म दो के अधूरे पड़े पैनल को पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशन पर यात्रियों को आसानी से ट्रेन का समय और प्लेटफार्म आदि की सूचना मिल सके, इसके लिए स्टेशन पर एलईडी के अलावा इनफार्मेशन सिस्टम की बड़ी और छोटी डिस्पले भी लगाई जा रही है। इंजीनियर जीवन सिंह ने बताया कि कार्य गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।