एसडीएम के सामने ही भिड़ गये प्रधानाचार्य और लिपिक
एसकेजेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य और लिपिक के बीच चल रहे विवाद की जांच करने पहुंची थी एसडीएम
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। डीएम के निर्देश पर एसकेजेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिकायतों की जांच करने पहुंची एसडीएम के सामने ही दोनों पक्ष भिड़ गए। एसडीएम ने डीएम को रिपोर्ट भेजकर प्रधानाचार्य और लिपिक में से एक का तबादला कराने की संस्तुति की है।
बरेली के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी की रबर फैक्ट्री कालोनी निवासी सुनील कुमार ने पिछले माह माध्यमिक शिक्षा मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर एसकेजेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और लिपिक के मध्य चल रहे विवाद की जांच कराने की मांग की थी। शिक्षा मंत्री ने वह शिकायती पत्र आवश्यक कार्यवाही के लिए डीएम डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा के पास भेज दिया था। डीएम के निर्देश पर एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने बुधवार को कॉलेज पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान एसडीएम के सामने ही प्रधानाचार्य मीना कुमारी और लिपिक प्रशांत मिश्रा एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे। एसडीएम ने दोनों को सख्ती कर शांत कराया। एसडीएम ने प्रधानाचार्य मीना कुमारी, लिपिक प्रशांत मिश्रा, प्रधान लिपिक गौरव, शिक्षक ऊषा देवी, उर्मिला देवी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भीमसेन गंगवार, दीपक कुमार और सेवा निवृत्त कर्मचारी नन्हें लाल के बयान लिए। उन्होंने जरूरी अभिलेख भी देखे। एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने बताया कि जांच पूरी कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। प्रधानाचार्य लिपिक को अवकाश नहीं देती हैं, इसी को लेकर विवाद की स्थिति है। यह भी सामने आ रहा है कि लिपिक प्रधानाचार्य की शिकायतें करवा रहा है। दोनों में से किसी एक का तबादला करने की संस्तुति की गई है।