खेकड़ा (बागपत)।
नगर में भूजल को दूषित होने से बचाने के लिए नगर पालिका ने एक सूत रंगाई की फैक्ट्री को सील किया। साथ ही पालिका ने फैक्ट्री मालिक और ठेकेदार पर जुर्माना लगाया। नगर के लोगों ने क्षेत्र में चल रही सूत रंगाई करने वाली अन्य फैक्ट्रियों की भी जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
खेकड़ा नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान ने बताया कि खेकड़ा नगर के लोगों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि खेकड़ा में चलने वाली दर्जनों सूत की रंगाई करने वाली फैक्ट्रियों में खतरनाक जहरीले केमिकल का प्रयोग किया जा रहा है। फैक्ट्री मालिकों द्वारा दूषित पानी नालियों के साथ ही भूगर्भ में छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को पालिका की टीम ने खेकड़ा नगर में जैन कॉलेज मार्ग स्थित एक बिना नाम वाली सूत रंगाई फैक्ट्री में पहुंचकर जांच की। जांच के बाद फैक्ट्री मे कार्य कर रहे मजदूरों को नोटिस देकर फैक्ट्री को सील लगवाकर बंद करा दिया। ईओ निहारिका चौहान ने कहा नालियों एवं भूगर्भ में दूषित पानी छोड़ने वाली ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। पालिका ने फैक्ट्री मालिक पर 20000 रुपये और ठेकेदार पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इस दौरान पालिका कर्मचारी नीरज शर्मा, अनुज धामा, महबूब अली, महेंद्र सिंह, नासिर अली आदि मौजूद रहे। नगर के लोगों का आरोप है कि सूत रंगाई फैक्ट्रियों से रोजाना लाखों लीटर जहरीला पानी निकलता है। जो नालियों में भी बहाया जाता है। इससे फैक्ट्रियों के पास रहने वाले लोगों परेशान हैं।