खेकड़ा (बागपत)।
पोल खोल हल्ला बोल कार्यक्रम को लेकर खेकड़ा नगर में रालोद कार्यकर्ताओ की बैठक का आयोजन किया। इसमें वक्ताओं ने महंगाई को लेकर सरकार की जमकर पोल खोली।
शनिवार की दोपहर एक बजे खेकड़ा नगर में बड़ागांव मार्ग पर रेलवे फाटक के समीप स्थित मारुति उत्सव पैलेस में भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों की पोल खोलने को लेकर बैठक की इसमें रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक चंद त्यागी ने कहा प्रधानमंत्री ने जनता से वादा किया था कि भ्रष्टाचार से कमाया गया काला धन वापस लाएंगे, लेकिन काला धन वापस न आकर चहुओर भष्टाचार बढ़ गया। मंहगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। साथ ही युवा भी बेरोजगारी के चलते भटक रहे है। बैठक में ग्राम मंडौला निवासी आधा दर्जन किसानों के साथ पहुंचे किसान नेता मनवीर तेवतिया ने कहा कि सरकार केवल किसानों को बर्बाद करने मे लगी है। किसानों की जमीन को पूंजीपतियों को कौड़ी के भाव बेचा जा रहा है। साथ ही मिल मालिक किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं कर रहे हैं। इससे किसान बर्बाद होने की कगार पर है।
इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठिना ने की। संचालन रमेश चंद त्यागी ने किया। इस दौरान रालोद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद कौशिक, डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया, चौधरी धर्मेंद्र धामा, राजू सिरसली, चौधरी गजेंद्र सिंह धामा, लेखराज सिंह, आर डी त्यागी, चौधरी बलधारी सिंह, कौशिंद्र सिंह, महेंद्र त्यागी आदि रहे।