खेकड़ा (बागपत)।
गेहूं खरीद केंद्र पर बोरे खत्म होने के कारण तीन दिन से गेहूं तौल कार्य बंद है। इससे किसान परेशान हैं। किसानों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों से तौल केंद्रों पर बोरे भेजने की मांग की।
नगर में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सहकारी क्रय विक्रय गेहूं खरीद केंद्र पर पिछले तीन दिन से बोरे खत्म हैं। बोरे खत्म होने के कारण गेहूं खरीद कार्य भी बंद है। मौसम के बदलते मिजाज के चलते किसान खासे परेशान हैं। तौल केंद्र के बाहर किसानों के गेहूं से लदी ट्रैक्टर ट्राली और भैंसा बुग्गी की लाइन लगी है। किसान बोरे आने की इंतजार में तौल केंद्र के बाहर डेरा डाले हैं। सोमवार को आक्रोशित किसानों ने एकत्र होकर तौल केंद्र के बाहर जमकर हंगामा विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यदि ऐसे में बारिश या आंधी तूफान आएगा तो उनका बाहर खुले में रखा गेहूं बारिश में भीगकर खराब हो जाएगा। किसानों ने कहा कि यदि अविलंब गेहूं खरीद के लिए अधिकारियों ने बोरे नहीं भिजवाए तो वह विरोध में तौल केंद्र के बाहर धरना देंगे। केंद्र प्रभारी सूरजभान चौहान का कहना है कि बोरे खत्म होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी। जल्द ही केंद्र पर बोरे पहुंच जाएंगे और केंद्र पर आए सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा।