त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव संपन्न होने के बाद जिला योजना समिति के रिक्त पदों के उपचुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें 20 मार्च को नामांकन होगा और जरूरत पड़ने पर 28 को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिले के विकास के लिए बननी वाली योजनाओं एवं इनके क्रियान्वयन के लिए जिला योजना समिति का गठन किया जाता है। इसमें जिला पंचायत एवं नगर निकाय के सदस्यों को शामिल किया जाता है। वर्तमान में इस समिति में सदस्यों के चार पद रिक्त चल रहे हैं। इसके लिए शासन ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी। शासन की अधिसूचना के बाद अब जिला प्रशासन ने भी स्थानीय स्तर पर इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार सामान्य वर्ग के दो, सामान्य महिला के एक और अन्य पिछड़ा वर्ग के एक पद के लिए 20 मार्च को नामांकन कराया जाएगा। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन के बाद उसी दिन शाम को नामांकन पत्रों की जांच करायी जाएगी। इसके बाद 24 मार्च को दोपहर 11 बजे से तीन बजे नाम वापसी होगी। नाम वापसी के यदि किसी पद पर एक से अधिक नामांकन हुआ तो चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और 28 मार्च को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान और तीन बजे से मतगणना कराई जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानी) देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिला योजना समिति के उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
डीएम न्यायालय कक्ष में होगा नामांकन
जिला योजना समिति के उपचुनाव की सभी कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में कराई जाएगी। उपचुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी/डीएम शीतल वर्मा ने एसडीएम अमरिया वंदना त्रिवेदी को सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर निर्वाचन संबंधी सभी कार्रवाई एसडीएम अमरिया की देखरेख में संपन्न होंगे।