पीलीभीत। पीलीभीत क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर-14 क्रिकेट टीम के चयन के लिए रविवार को ट्रायल कराया गया। एलएच स्टेडियम में हुए ट्रायल में खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। फाइनल चयन के लिए अब मंगलवार को अंतिम ट्रायल होगा।
पीलीभीत क्रिकेट एसोसिएशन ने अलग अलग आयु वर्ग की टीम चयनित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत रविवार को अंडर-14 क्रिकेट टीम के चयन के लिए एलएच शुगर फैक्ट्री स्थित स्टेडियम में प्रथम ट्रायल हुआ। क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने को करीब 40 किशोर खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे। एसोसिएशन के बी क्लीफर्ड ने बताया कि कोच पंकज सिंह, राजेश कुमार, कंहैया, रिजवान और अर्सी की मदद से खिलाड़ियों का ट्रायल कराया गया। उन्होंने बताया कि इस ट्रायल में कई अच्छे खिलाड़ी देखने को मिले हैं। इनके हुनर को तराश कर अंदर छिपी खेल प्रतिभा को निखारने की जरूरत है। ट्रायल को लेकर कई अभिभावक एवं स्कूल कॉलेजों के खेल शिक्षक भी मौजूद रहे।