बीसलपुर/पीलीभीत। अधिकारियों पर कोटेदार चयन करने में जानबूझकर विलंब करने का आरोप लगाते हुए गांव हाफिजनगर के लोगों ने शुक्रवार से ब्लाक परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर दिया।
गांव हाफिजनगर के तमाम लोग शुक्रवार को ब्लाक परिसर में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप था कि अधिकारी उनके गांव में कोटेदार चयन करने में जानबूजकर विलंब कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव में कोटेदार चयन के संबंध में तीन बार बैठक को चुकी है और हर बार अधिकारी कोई न कोई बहाना कर बैठक टाल देते हैं। धरने पर हरीश, सुरेंद्रपाल, रामचंद्र, मंगलीप्रसाद, ओमप्रकाश, अमर सिंह, तोताराम, विश्वदेव, मनोज कुमार, श्रीराम, इंद्रजीत, हरिनंदन, सुरेश, अशोक, राजकिरन, कालीचरन, राजेश कुमार, देवेंद्र कुमार, उमेश, सुनील, सतोष, रामऔतार, जमुना प्रसाद, भगवानदास, गौरीशंकर और वीरपाल बैठे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सक्षम अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बीडीओ सीके श्रीवास्तव ने धरना स्थल पर पहुंचकर वार्ता की और धरना खत्म करने का सुझाव दिया लेकिन ग्रामीणों ने साफ मनाकर दिया। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी भी की।